41.1 C
New Delhi
Friday, April 24, 2026
More
    Homeइतिहासयोद्धाराव जयमल मेड़तिया: चित्तौड़ के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाले अद्वितीय योद्धा

    राव जयमल मेड़तिया: चित्तौड़ के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाले अद्वितीय योद्धा

    राजस्थान की वीरभूमि ने अनेक रणबांकुरों को जन्म दिया, किन्तु कुछ नाम ऐसे हैं जो त्याग और स्वामीभक्ति की पराकाष्ठा बन जाते हैं। राव जयमल मेड़तिया उन्हीं अमर वीरों में से एक थे, जिन्होंने चित्तौड़ की मर्यादा और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। उनका जीवन शौर्य, निष्ठा और अडिग संकल्प की ऐसी गाथा है, जो आज भी इतिहास के पन्नों में गर्व के साथ गूंजती है।

    राव जयमल मेड़तिया – एक अद्वितीय योद्धा

    राव जयमल मेड़तिया – एक अद्वितीय योद्धा थे। मारवाड़ के शासक जोधा के चौथे पुत्र दुदा से राठौड़ वंश की सुप्रतिष्ठित मेड़तिया शाखा का प्रादुर्भाव हुआ। राव दूदा मेड़तिया राठोड़ों के मूल पुरूष थे लेकिन उनके पुत्र कुंवर विरमदेव उनसे कहीं अधिक वीर और पराक्रमी थे। विरमदेव के युवराज जयमल तो अपने अद्वितीय पराक्रम से पिता और पितामह के पराक्रम से आगे निकल गए।

    जन्म एवं वंश परिचय

    राव जयमल मेड़तिया का जन्म आश्विन शुक्ल एकादशी, विक्रम संवत् 1564 (17 सितम्बर 1507) को हुआ। मारवाड़ के शासक राव जोधा के चौथे पुत्र राव दूदा से राठौड़ वंश की प्रतिष्ठित मेड़तिया शाखा का उद्भव हुआ। राव दूदा को इस शाखा का मूल पुरुष माना जाता है, किन्तु उनके पुत्र कुंवर विरमदेव अपने पराक्रम में उनसे भी आगे बढ़े।

    विरमदेव के पुत्र जयमल ने तो अपने अद्वितीय शौर्य से पिता और पितामह दोनों की कीर्ति को भी पार कर दिया। यही कारण है कि उनके वंशज स्वयं को दूदावत न कहकर विरमदेवोत या जयमलोत कहलाना अधिक गौरवपूर्ण मानते हैं।

    मेड़तिया राठौड़ों की पहचान

    मेड़तिया राठोड़ो के बारे में कहा गया है कि – ” मरण ने मेड़तिया अर राज करण ने जोधा ”

    उक्त कहावत में मेड़तिया राठोड़ो को आत्मोत्सर्ग में अग्र तथा युद्ध कौशल में परांगत मानते हुए मृत्यु को वरण करने के लिए आतुर कहा गया है। मेड़तिया राठोड़ो ने शौर्य और बलिदान के एक से एक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। और इनमें राव जयमल मेड़तिया का नाम सर्वाधिक प्रसिद्ध है।

    मेड़तिया राठौड़ प्रारम्भ में एक स्वतंत्र शासक रहें और जोधपुर राजाओं की तरह ही इनका राव की पदवी थी। राठोड़ो की इस मेड़तिया शाखा का सबसे अधिक विस्तार हुआ, जिनका न केवल मेड़ता पर अधिकार था अपितु परबतसर , नावा मारोठ , जैतारण , कोलिया , दौलतपुरा तथा नागौर परगने की करीब 600 छोटी मोटी जागीर प्राप्त थी।

    इस प्रकार मारवाड़ के एक बड़े भू भाग पर मेड़तिया राठौड़ देदीप्यमान थे। मेड़तिया राठोड़ो की गणना उच्च राठौड़ कुल होने के फलस्वरूप मेवाड़ के सुप्रसिद्ध सिसोदिया राजघराने में उनके वैवाहिक सम्बंध हुए थे। जिससे प्रेरित होकर मेड़तिया वीरों ने मेवाड़ महाराणाओ के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए ।

    जिसके परिणाम स्वरूप मेवाड़ के महाराणाओं ने इनकी सेवाओं से प्रसन्न होकर बदनौर , चाणोद एवम् घाणेराव की महत्त्वपूर्ण जागीरे प्रदान की । इस प्रकार धर्म और स्वतन्त्रता के लिए प्राण उत्सर्ग करने वाले इस सुविख्यात राठौडो का मेंवाड़ और मारवाड़ में एक विशिष्ट स्थान रहा है।

    गद्दी पर आरोहण और प्रारंभिक युद्ध

    अपने पिता राव विरमदेव की मृत्यु के पश्चात 36 वर्ष की आयु में राव जयमल मेड़तिया मेड़ता की गद्दी पर आसीन हुए। उन्होंने युवावस्था से ही अपने पिता के साथ अनेक युद्धों में भाग लेकर असाधारण रणकौशल का परिचय दिया और बड़ी-बड़ी सेनाओं के सामने अदम्य साहस दिखाया।

    राव मालदेव से संघर्ष

    मेड़ता की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए राव जयमल ने मारवाड़ के शासक राव मालदेव से 22 महत्वपूर्ण युद्ध लड़े। इन युद्धों में उन्होंने कई बार विजय प्राप्त की। कहा जाता है कि राव मालदेव को न केवल पराजय का सामना करना पड़ा, बल्कि जयमल की वीरता से वे इतने भयभीत हुए कि उन्हें अपने प्राणों की रक्षा हेतु चांदा मेड़तिया का सहारा लेना पड़ा।

    मेवाड़ आगमन और सम्मान

    अपनी मातृभूमि मेड़ता से गहरा लगाव होने के बावजूद राव जयमल मेवाड़ के महाराणा उदय सिंहजी के पास चले गए। महाराणा उदयसिंह ने उन्हें अत्यंत सम्मान दिया और चित्तौड़गढ़ दुर्ग का दुर्गाध्यक्ष नियुक्त किया, साथ ही जागीर भी प्रदान की।

    चित्तौड़गढ़ की रक्षा और अद्वितीय पराक्रम

    जब मुगल अकबर ने चित्तौड़गढ़ पर आक्रमण किया, तब राव जयमल ने महाराणा उदयसिंह को सुरक्षित स्थान पर भेजकर स्वयं दुर्ग की रक्षा का दायित्व संभाला।युद्ध की पूर्ण तैयारी की – अन्न, शस्त्र और रणनीति सब कुछ सुदृढ़ किया। अकबर ने विशाल सेना के साथ दुर्ग को घेर लिया और सुरंगों के माध्यम से किले को तोड़ने का प्रयास किया। किन्तु जयमल रात्रि में दुर्ग की मरम्मत कर हर बार उसकी रक्षा करते रहे।

    अबुल फजल के अनुसार, अकबर ने सुरंग खोदने वाले मजदूरों को एक टोकरी मिट्टी के बदले एक स्वर्ण मुद्रा दी-जिससे स्पष्ट होता है कि यह युद्ध कितना कठिन और महत्त्वपूर्ण था।

    अकबर का प्रस्ताव और राव जयमल का उत्तर

    अकबर राव जयमल के पराक्रम से भयभीत व आशंकित था। उसने राजा टोडरमल के द्वारा जयमल को संदेश भेजा कि आप राणा और चित्तौड़ के लिए क्यों अपने प्राण व्यर्थ गवां रहे हो। , चित्तौड़ दुर्ग पर मेरा कब्जा करा दो। मैं तुम्हें तुम्हारा राज्य मेड़ता और अन्य जागीर दूंगा।

    राव जयमल ने अकबर का प्रस्ताव ठुकरा दिया कि मैं राणा और चित्तौड़ के साथ विश्वासघात नहीं कर सकता और मेरे जीवित रहते तुम किले में प्रवेश नहीं कर सकते। राव जयमल ने टोडरमल के साथ जो संदेश भेजा जो इस प्रकार है –

    अंतिम युद्ध और वीरगति

    राव जयमल मेड़तिया एक दिन रात्रि में दुर्ग की मरम्मत करवा रहें थे उसी समय अकबर ने संग्राम नामक बंदूक से गोली दाग दी ओर से गोली मारने से वह घायल हो गए। चित्तौड़गढ़ दूसरा जौहर और शाका हुआ। क्षत्राणियो ने जौहर किया और राजपूतों ने शाका। दुर्ग के द्वार खोल दिए गए और जयमल के नेतृत्व में राजपूत अकबर की सेना पर टूट पड़े। चित्तौड़ के वीरो ने मुगल सेना के इतने तुर्कों को मारा कि लाशों के ढेर लग गए। राव जयमल मेड़तिया भैरव पोल के निकट युद्ध करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।

    अमर गौरव

    राव जयमल की वीरता से प्रभावित होकर स्वयं अकबर ने उनकी हाथी पर सवार मूर्ति अपने किले के सामने बनवाई। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि शत्रु भी उनके पराक्रम और साहस का सम्मान करने को विवश था।

    FAQ: आपके प्रश्न ?

    प्रश्न 1: राव जयमल मेड़तिया मेड़तिया राठौड़ कहलाए, यह गौरवशाली उपाधि कैसे मिली?
    उत्तर: वीरवर! यह उपाधि इनकी मातृभूमि मेड़ता के प्रति अटूट निष्ठा एवं वीरता का प्रतीक है। ये मेड़ता के अधिपति विरमदेव की संतान थे, अतः ‘मेड़तिया’ कहलाए। अपने मूल पुरुष दूदा के नाम पर ‘दुदावत’ न कहलाकर, अपने पितामह एवं पिता के पराक्रम को भी मात करने वाले इन वीरों ने ‘जयमलोत’ नाम से अपनी अलग पहचान बनाई। यह नाम रणबांकुरेपन का पर्याय है।

    प्रश्न 2: मेड़तिया राठौड़ों के लिए प्रसिद्ध कहावत “मरण ने मेड़तिया, अर राज करण ने जोधा” का क्या अभिप्राय है?
    उत्तर: इस कहावत का अर्थ है कि मेड़तिया राठौड़ मृत्यु को वरण करने में अग्रणी होते हैं, जबकि जोधा राज्य-विस्तार और शासन में निपुण। मेड़तिया वीर आत्मोत्सर्ग को ही अपना परम धर्म मानते हैं। उनके लिए युद्धभूमि में वीरगति पाना किसी उत्सव से कम नहीं। यह कहावत मेड़तियों के बलिदान और युद्धकौशल की चरम सीमा को दर्शाती है।

    प्रश्न 3: राव जयमल ने मारवाड़ के शासक राव मालदेव से २२ युद्ध लड़े, फिर अचानक चित्तौड़ क्यों चले गए?
    उत्तर: वीर पूछते हो! राव जयमल का मातृभूमि से अनन्य लगाव था, परन्तु धर्म और स्वाभिमान की रक्षा सर्वोपरि थी। मेवाड़ के महाराणा उदयसिंह जी ने उनका सम्मान किया और चित्तौड़गढ़ का दुर्गाध्यक्ष पद सौंपा। एक क्षत्रिय अपने सम्मान और कर्तव्य के लिए राज्य छोड़ सकता है, पर स्वामीभक्ति नहीं। वे मेवाड़ के लिए ढाल बनकर खड़े हुए, यह उनकी उदारता और वीरता का प्रमाण है।

    प्रश्न 4: अकबर ने राव जयमल को विश्वासघात का लालच क्यों दिया और जयमल ने उसे किस प्रकार ठुकराया?
    उत्तर: अकबर जैसा पराक्रमी भी जयमल के शौर्य से काँप उठा था। उसने राजा टोडरमल के माध्यम से मेड़ता का राज्य और सोने की लंबी लाटें देने का प्रस्ताव भेजा। परन्तु राव जयमल ने उत्तर दिया – “राणा और चित्तौड़ का विश्वासघात मेरे जीवन में सम्भव नहीं। जब तक यह राठौड़ बाँहों में बल रखता है, तब तक तुम किले में प्रवेश नहीं पा सकते।” यह क्षत्रिय धर्म का सच्चा उदाहरण है – स्वामीभक्ति पर अपना जीवन न्योछावर।

    प्रश्न 5: राव जयमल के बलिदान के बाद अकबर ने उनकी प्रतिमा क्यों बनवाई?
    उत्तर: शत्रु भी वीर का सम्मान करता है, यह सिद्ध करने के लिए। राव जयमल भैरव पोल के पास युद्ध करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी असीम वीरता, अदम्य साहस और स्वामीनिष्ठा देखकर अकबर स्वयं दंग रह गया। उसने जयमल की हाथी पर सवार मूर्ति अपने दुर्ग के सामने स्थापित करवाई। यह उस पराक्रमी की विजय नहीं, बल्कि उस बलिदानी की अमर कहानी है, जिसके आगे बादशाह को भी झुकना पड़ा।

    निष्कर्ष

    राव जयमल मेड़तिया केवल एक नाम नहीं, अपितु क्षत्रिय कुल की वह चिनगारी है जो आज भी प्रत्येक राजपूत के रक्त में प्रज्वलित है। जिन्होंने मातृभूमि मेड़ता के लिए राव मालदेव से बाईस युद्ध लड़े, और फिर स्वामीभक्ति में चित्तौड़ की प्राचीरों पर अपना रक्त सींच दिया।

    जब अकबर जैसा कुटिल तुर्क मिट्टी की टोकरी पर स्वर्ण मोहरे बरसा रहा था, तब जयमल ने मिट्टी को भी स्वर्ण से अधिक कीमती बना दिया था। घातक गोली लगने के बाद भी उन्होंने दुर्ग के द्वार खोलकर अंतिम शाका किया। वे भैरव पोल पर गिरे, परन्तु उनका यश अमर हो गया।

    “मरण ने मेड़तिया” – इस कहावत को चरितार्थ करने वाले वीर जयमल आज भी प्रत्येक क्षत्रिय के हृदय में सिंहनाद कर रहे हैं। राव जयमल मेड़तिया ने चित्तौड़गढ़ के रक्षार्थ अपने प्राणों का बलिदान करके न केवल राजस्थान अपितु भारत के इतिहास में मेड़तिया राठोडो का नाम अजर अमर बना दिया। वीरवर जयमल ने अकबर की कूटनीतिक चालों को विफल करते हुए अपने पूर्वजों के निर्मल यश को सुरक्षित रखा और प्राणोत्सर्ग कर स्वामीभक्त का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।

    जो अपने स्वामी, अपनी धरती और अपने धर्म के लिए प्राणों का खेल खेल सके, उसकी प्रतिमा शत्रु के दरबार में भी पूजी जाती है। यही है मेड़तिया राठौड़ों की गौरवगाथा। यही है राव जयमल की अमर कहानी।

    इसे भी पढ़ें –

    Bhanwar Singh Thada
    Bhanwar Singh Thadahttp://kshatriyasanskriti.com
    Guardian of Kshatriya heritage and warrior traditions. Promoting Rajput history, dharmic values, and the timeless principles of courage, honor, and duty. Dedicated to cultural preservation and inspiring pride in our glorious past.
    RELATED ARTICLES

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    LATEST POSTS